बेतिया से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार वाहन की टक्कर ने एक ही परिवार के दो युवकों की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसा गुरुवार देर रात लौरिया-बेतिया मुख्य मार्ग पर एनएच-727 के मठिया मंगुराहा चौक के समीप हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक से शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान योगापट्टी थाना क्षेत्र के छोटा चौमुखा गांव निवासी कुंदन कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। वहीं, हादसे में घायल विवेक मांझी को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







