Home बिहार दरभंगा: गांव बना जंग का मैदान, पत्थरबाजी में कई परिवारों पर टूटा...

दरभंगा: गांव बना जंग का मैदान, पत्थरबाजी में कई परिवारों पर टूटा कहर

106
0
दरभंगा: गांव बना जंग का मैदान, पत्थरबाजी में कई परिवारों पर टूटा कहर

दरभंगा। जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल पंचायत के मकसुदनपुर गांव में गुरुवार देर रात एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बाइक की हल्की टक्कर से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते दो पक्षों के बीच भीषण झड़प और पत्थरबाजी में बदल गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक बाइक सवार युवक की दूसरे व्यक्ति से हल्की टक्कर हो गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से लोग जुट गए और एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एक पक्ष से ढाई वर्षीय एहसान बख्खो, 10 वर्षीय तनवीर, 22 वर्षीय अब्दुल और 27 वर्षीय परवेज शामिल हैं। बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया। वहीं दूसरे पक्ष से 60 वर्षीय बिशो सहनी समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। एसडीओ शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में किया। गांव को एहतियातन पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। करीब 100 जवानों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गांव में तनाव बना हुआ है।

GNSU Admission Open 2026