पटना। गर्मी की छुट्टियों के मद्देनजर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। पटना और पाटलिपुत्र रूट से होकर गुजरने वाली 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है। इन ट्रेनों के चलने से बिहार समेत कई राज्यों के यात्रियों को सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए यह कदम उठाया गया है। स्पेशल ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न रूटों पर किया जाएगा। जारी सूची के अनुसार, उधना-मालदा टाउन स्पेशल (09063/09064) 27 और 29 अप्रैल को चलेगी। गांधीधाम-मालदा टाउन स्पेशल (09463/09464) 25 और 27 अप्रैल को संचालित होगी। वहीं उधना-समस्तीपुर अनारक्षित स्पेशल (09069/09070) 24 से 30 अप्रैल के बीच अलग-अलग दिनों में चलाई जाएगी। इसके अलावा उधना-मालदा टाउन स्पेशल (09013/09014) 28 और 30 अप्रैल को चलेगी, जबकि उधना-मधुबनी अनारक्षित स्पेशल (09167/09168) 26 और 27 अप्रैल को संचालित होगी। साबरमती-आसनसोल-साबरमती स्पेशल (09435/09436) 29 अप्रैल और 1 मई को चलेगी। सुलतानपुर-दानकुनी स्पेशल (04250/04249) भी 24 और 25 अप्रैल को चलाई जा चुकी है। रेलवे के अनुसार, ये सभी ट्रेनें पटना और पाटलिपुत्र रूट से होकर गुजरेंगी और अलग-अलग राज्यों को जोड़ेंगी। इससे यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ में कमी आएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और स्टॉपेज की जानकारी अवश्य जांच लें। इस पहल से गर्मी के मौसम में सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।







