चोरी किए गए सोना एवं चांदी के आभूषण बरामद
रोहतास। जिले के संझौली थाना क्षेत्र में महाबीर मंदिर में पिछले महीने हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी गए सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। बता दें कि 21 मार्च 2026 की रात जिगनी गांव स्थित महाबीर मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। इसकी जानकारी देते हुए रोहतास एसपी रोशन कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिक्रमगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें संझौली थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की टीम शामिल थी।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 5 अप्रैल को बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र से रितेश पांडे को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान रितेश पांडे ने इस चोरी कांड का खुलासा करते हुए बताया कि कुल 8 लोग इस घटना में शामिल थे, जिन्होंने चोरी के जेवरात को बक्सर के आथर बाजार स्थित एक सोनार को बेच दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रितेश की निशानदेही पर आथर बाजार में छापेमारी कर सोनार विष्णु कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया और उसके पास से पिघलाकर बनाया गया चांदी का बिस्किट तथा अन्य जेवरात बरामद किए।
इसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने इस कांड में शामिल रमेन्द्र यादव उर्फ मेदर यादव, मो. मकबूल कुरैशी, किसान यादव, नंदजी राम उर्फ चीला सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह बनाकर मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस द्वारा बरामद किए गए समानों में करीब 935 ग्राम पिघला हुआ चांदी का बिस्किट, 1.572 किलोग्राम चांदी के जेवरात, करीब 3 ग्राम सोने के आभूषण, पीतल के तीन जोड़ी झाल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल शामिल है। रोहतास एसपी ने कहा कि गिरोह के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस सफलता के लिए विशेष टीम के सदस्यों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।







