Home बिहार प्रेम-प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

प्रेम-प्रसंग में महिला की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

72
0
Woman's murder in love affair revealed, five accused arrested

डेहरी (रोहतास)। जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र में कुएं से बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 14 मार्च की सुबह सूचना मिली थी कि अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के ग्राम बाधा खोह के पूरब स्थित एक कुएं में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव को कुएं से निकालकर घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में प्रतीत हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से महिला की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 डिहरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष, एफएसएल टीम तथा जिला आसूचना इकाई को शामिल किया गया। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान बाधा खोह और बाघा खोह के बीच स्थित बाधार में एक पुआल के पूंज के पास खून के धब्बे, टूटी चूड़ी और अन्य सामान बरामद हुए, जिससे अंदेशा हुआ कि हत्या उसी स्थान पर की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध धर्मेंद्र कुमार सिंह (पिता- नकुल सिंह, निवासी करमा, थाना बधैला, जिला रोहतास) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका की पहचान पायल यादव उर्फ पूनम देवी के रूप में हुई है, जो गया की रहने वाली थी।

GNSU Admission Open 2026

उसकी शादी अरवल जिले में हुई थी और उसका पति अपने बच्चे के साथ पटना में रहता है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पायल यादव के साथ उसका कई वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और दोनों आंध्र प्रदेश में मजदूरी करते थे। इसी बीच 20 फरवरी 2026 को धर्मेंद्र ने बिना बताए दूसरी शादी कर ली। जब इसकी जानकारी पायल को हुई तो वह धर्मेंद्र के गांव पहुंच गई। इसके बाद धर्मेंद्र ने अपने परिजनों और दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को बहाने से बाधा खोह टोला स्थित अपने रिश्तेदार के पास बुलाया और रात में मौका पाकर उसे बाधार में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में धर्मेंद्र कुमार सिंह के अलावा कामेश्वर सिंह, उपेंद्र कुमार उर्फ अमिताभ कुमार, नकुल सिंह और संटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026