पटना: बिहार में सहकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए सहकारिता विभाग ने समीक्षा बैठक की। निबंधक, सहयोग समितियां, बिहार, रजनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिला स्तरीय सहकारिता पदाधिकारियों और सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पैक्स कम्प्यूटरीकरण, गोदाम निर्माण, बिहार राज्य फसल सहायता योजना, विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना और नेशनल को-ऑपरेटिव डेटाबेस के तहत पैक्स की जियोटैगिंग सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
पैक्स कम्प्यूटरीकरण में तेजी लाने का निर्देश
पैक्स कम्प्यूटरीकरण योजना के तहत कैमूर, समस्तीपुर और रोहतास जिलों में दर्ज की गई प्रगति की सराहना की गई। इन जिलों ने आंकड़ों की प्रविष्टि में बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पटना, खगड़िया और सीतामढ़ी में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर असंतोष जताया गया। संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाकर कम्प्यूटरीकरण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, लापरवाही जारी रहने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
गोदाम निर्माण और उपयोगिता प्रमाणपत्र पर जोर
गोदाम निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को लंबित निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया। निबंधक ने निर्देश दिया कि निर्माण की प्रगति सुनिश्चित करने के साथ उपयोगिता प्रमाणपत्र भी निर्धारित समय-सीमा में जमा किए जाएं।
विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में 1,000 मीट्रिक टन से अधिक क्षमता वाले कुल 36 बड़े गोदाम प्रस्तावित हैं। नवादा और बेगूसराय के अधिकारियों को गोदाम निर्माण के लिए जमीन की उपलब्धता जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
फसल सहायता योजना के लंबित कार्य जल्द पूरे करने को कहा
बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ मौसम 2024-25 में पश्चिम चंपारण जिले के आवेदनों का सत्यापन शीघ्र पूरा करने को कहा गया। रबी मौसम 2024-25 में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, रोहतास और औरंगाबाद में लंबित कार्यों पर असंतोष जताते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पैक्स की जियोटैगिंग भी जल्द होगी पूरी
नेशनल को-ऑपरेटिव डेटाबेस के तहत सभी क्रियाशील सहकारी समितियों की जियोटैगिंग की समीक्षा करते हुए सभी जिलों को अपने क्षेत्र के पैक्स की जियोटैगिंग जल्द पूरी करने को कहा गया।
बैठक में अपर निबंधक विकास कुमार बरियार, मनोज कुमार सिंह, संयुक्त निबंधक कामेश्वर ठाकुर, समरेश कुमार, संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







