पटना। एलपीजी गैस की मारामारी और पेट्रोल-डीजल को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल के राज्यसभा सांसद ** संजय यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि आज देश में जो हालात बने हैं, उसके लिए पूरी तरह केंद्र सरकार जिम्मेदार है। संजय यादव ने कहा कि आज कई जगहों पर घरेलू गैस के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और सुबह तीन बजे से ही लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर वास्तव में गैस की कोई किल्लत नहीं है, जैसा कि सरकार दावा कर रही है, तो फिर एजेंसियों के बाहर यह मारामारी क्यों दिखाई दे रही है। राजद सांसद ने कहा कि लोगों को लाइन में खड़े होने का कोई शौक नहीं होता, लेकिन मजबूरी में उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की असफल विदेश नीति और अदूरदर्शिता के कारण ऊर्जा संकट जैसी स्थिति पैदा हो गई है। संजय यादव ने कहा कि कभी भारत के अच्छे संबंध ईरान जैसे देशों से रहे हैं, लेकिन मौजूदा वैश्विक हालात और सरकार की नीतियों की वजह से आज देश में गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर असमंजस की स्थिति बनती दिख रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार के “विश्व गुरु” वाले दावे पर भी सवाल उठाया। उनका कहना था कि सरकार एक तरफ देश को विश्व गुरु बताती है, लेकिन दूसरी तरफ देश के पास एक महीने की गैस स्टोरेज क्षमता तक नहीं है। पेट्रोल और डीजल के मामले में भी पर्याप्त ऊर्जा क्षमता नहीं दिखाई दे रही है। वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि परसों चुनाव होने वाले हैं। इसके साथ ही Nishant Kumar के राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में आने में उन्हें काफी देर हो गई है, फिर भी उनकी शुभकामनाएं हैं कि वे अपनी पार्टी को भाजपा से बचाने की कोशिश करें।







