डेहरी (रोहतास)। प्रखंड के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग के छात्र-छात्राओं का दल दो दिवसीय मीडिया इंडस्ट्रियल विजिट पर पटना पहुंचा। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनीषा मालवीय के नेतृत्व में पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मीडिया संस्थानों का दौरा कर पत्रकारिता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
भ्रमण के पहले दिन गुरुवार को छात्र-छात्राओं की टीम ने दैनिक अखबार जागृति टाइम्स के प्रधान कार्यालय का दौरा किया। यहां छात्रों को प्रिंट मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान उन्हें खबरों के संग्रहण (कलेक्शन), संपादन, पेज मेकिंग और समाचार प्रकाशन की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर डॉ. मनीषा मालवीय ने अखबार के संपादक मनोज कुमार को विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह और डायरी भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्य संपादक मनोज कुमार ने छात्रों से संवाद करते हुए मीडिया के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारी भरा और चुनौतीपूर्ण पेशा है। एक पत्रकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सही और सच्ची खबरों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना होती है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि पत्रकारिता में सफल होने के लिए हमेशा सीखने की ललक बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि इस क्षेत्र में हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है।

मीडिया इंडस्ट्रियल विजिट के दूसरे दिन शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के तहत पटना स्थित कशिश न्यूज टीवी चैनल के स्टूडियो का भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने न्यूज रूम की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्हें इनपुट, आउटपुट, पीसीआर (प्रोडक्शन कंट्रोल रूम) और एमसीआर (मास्टर कंट्रोल रूम) सहित न्यूज स्टूडियो का विस्तृत अवलोकन कराया गया।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के विशेषज्ञ नवनीत कुमार (प्रोग्रामिंग हेड) और अमित सिंह (ब्यूरो) ने छात्रों को टीवी पत्रकारिता की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस तरह खबरों का चयन किया जाता है और उसे विभिन्न चरणों से गुजरते हुए टीवी स्क्रीन तक पहुंचाया जाता है। इस दौरान छात्रों ने पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष को समझते हुए कई सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया। वही विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर मनीषा मालवीय ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला, जो उनके भविष्य के करियर के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। वही दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण से छात्र छात्राएं काफी प्रभावित दिखाई दिए। उनलोगों ने बताया कि इस भ्रमण से पत्रकारिता से जुड़े कई अहम जानकारियां मिली है।







