On the last Monday of Sawan, a wave of devotion poured into the Tripolia Mahadev Temple, Alwar echoed with chants of Bholenath.

अलवर: राजस्थान के अलवर में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को प्रसिद्ध श्री त्रिपोलिया महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर लगातार ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयकारों से गूंजता रहा।

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ त्रिपोलिया महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

GNSU Admission Open 2026

अंतिम श्रावण सोमवार के अवसर पर त्रिपोलिया महादेव मंदिर को भूतनाथ दरबार के रूप में आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिर में भगवान शिव की विशेष झांकी तैयार की गई है, जिसमें बाबा भूतनाथ का स्वरूप महाकाल भूतनाथ सरकार के रूप में सजाया जाएगा। विशेष झांकी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

मंदिर परिसर के अलावा आसपास के बाजारों में भी आकर्षक रोशनी की सजावट की गई है। शाम के समय पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाता नजर आएगा। श्रावणी महोत्सव के तहत पूरे सावन मंदिर में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

रविवार को मंदिर में शिव विवाह का भव्य आयोजन हुआ। भगवान भोलेनाथ को विशेष पोशाक पहनाकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुमेर गिरी ने शिव विवाह का वाचन किया, जबकि भजन-कीर्तन के दौरान महिला श्रद्धालु भक्ति में झूमती नजर आईं।

सुबह चार बजे गंगा आरती की तर्ज पर विशेष महाआरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। अंतिम सोमवार को दिनभर पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और दर्शन का सिलसिला जारी रहने से त्रिपोलिया परिसर पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।