Ajay Devgn announces 'Drishyam: The Conclusion', the final chapter in Vijay Salgaonkar's story

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने बहुप्रतीक्षित ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और आखिरी फिल्म का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। फिल्म का नाम ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ रखा गया है और यह 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अजय देवगन एक बार फिर दर्शकों के सामने विजय सलगांवकर के चर्चित किरदार में नजर आएंगे।

अजय देवगन ने 24 अगस्त को सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर साझा करते हुए फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय की जानकारी दी। पोस्टर में अभिनेता का आधा चेहरा और उनकी एक आंख दिखाई दे रही है। पोस्टर पर लिखा है, ‘मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।’ यह लाइन विजय सलगांवकर के उस नजरिये को दर्शाती है, जिसमें परिवार को बचाना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है।

GNSU Admission Open 2026

पोस्टर साझा करते हुए अजय देवगन ने लिखा कि हर इंसान का नजरिया अलग होता है और उनके लिए उनका परिवार ही सबकुछ है। उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट की भी पुष्टि की।

‘दृश्यम’ की कहानी गोवा में रहने वाले एक साधारण परिवार और विजय सलगांवकर के इर्द-गिर्द घूमती है। घर में हुई एक हत्या के बाद विजय अपनी पत्नी और बेटियों को कानूनी शिकंजे से बचाने के लिए अपनी समझदारी और रणनीति का इस्तेमाल करता है। तीसरे भाग में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी और विजय के परिवार का भविष्य क्या होगा, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।

फिल्म में तब्बू एक बार फिर आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी। रजत कपूर भी वापसी कर रहे हैं। वहीं, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत नए किरदारों में दिखाई देंगे।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर कहानी लिखी है। फिल्म का निर्माण स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल यह पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है।