सासाराम (रोहतास)। सोमवार को सासाराम विद्युत कार्यालय में मुख्यालय के वरीय पदाधिकारी महाप्रबंधक (राजस्व) अरविंद कुमार की अध्यक्षता में राजस्व समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोहतास विद्युत आपूर्ति अंचल कार्यालय अंतर्गत सासाराम, डेहरी एवं भभुआ प्रमंडल के सभी अभियंताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान महाप्रबंधक (राजस्व) ने लंबित बिजली बिल की वसूली को लेकर कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में जिन उपभोक्ताओं की 5000 रूपये से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 20000 रूपये से अधिक बकाया राशि है तथा जो उपभोक्ता बकाया राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं उनका विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई करें। साथ ही खराब मीटर को तत्काल बदलने का भी निर्देश दिया गया। वित्तीय वर्ष की समाप्ति को लेकर विद्युत आपूर्ति अंचल सासाराम को 100 करोड़ राजस्व संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित की गयी है।
बिजली बिल वसूली और लाइन काटने की कार्रवाई को तेज करने के लिए सेक्शन स्तर पर विशेष टीम (स्पेशल गैंग) का गठन किया गया है, जो डोर-टू-डोर जांच कर बकाया वसूली और आवश्यकतानुसार कनेक्शन काटने की कार्रवाई करेगी। बैठक में बताया गया कि सासाराम प्रमंडल के ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 69457, डेहरी मे 42621 व भभुआ मे 39235 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन पर 20 हजार से अधिक का बिजली बिल बकाया है। इसके अलावा विद्युत चोरी के विरुद्ध की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि फरवरी माह में सासाराम प्रमंडल में बिजली चोरी के मामलों में 168, डेहरी मे 106 व भभुआ मे 88 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बकाया राशि पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह (लगभग 18 प्रतिशत वार्षिक) की दर से ब्याज वसूला जाता है। कनेक्शन कटने के बाद बकाया राशि के साथ पुनः कनेक्शन के लिए री-कनेक्शन शुल्क भी देना होगा, तभी आपूर्ति बहाल की जाएगी। समय पर बिजली बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष छूट का भी प्रावधान किया गया है।
बिल जारी होने के 15 दिनों के भीतर भुगतान करने पर 1.5 प्रतिशत की छूट तथा ऑनलाइन भुगतान करने पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जाएगी। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 25 पैसे की रियायत मिल रही है। अधिकारियों ने कहा कि बिजली कंपनी एक ओर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिल वसूली एवं राजस्व संग्रहण को लेकर भी सख्ती बरती जा रही है। बकाया बिजली बिल वसूली, विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा बकायेदारों का कनेक्शन तत्काल काटने को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। कनेक्शन कटने के उपरांत बकाया जमा नहीं करने पर सम्बंधित उपभोक्ता पर बिहार और उड़ीसा लोक मांग वसूली अधिनियम 1914 के तहत नीलामवाद दायर किया जायेगा। बैठक में सासाराम के विद्युत अधीक्षण अभियंता इंद्रदेव कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता (एसटीएफ) नवीन कुमार, कार्यपालक अभियंता ई. ब्रवीम, डेहरी के कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार, भभुआ के कार्यपालक अभियंता शशिकांत कुमार, सभी सहायक विद्युत अभियंता, कनीय अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







