रांची। झारखंड के स्वस्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलना मेरे लिए अत्यंत गौरव, सम्मान और भावनात्मक क्षण था। डॉ अंसारी ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू का जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आगमन हम सभी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। उनके प्रेरणादायी शब्दों और स्नेहिल मार्गदर्शन से राज्य के मेडिकल विद्यार्थियों का मनोबल ऊँचा हुआ है तथा स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और नई आशा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीमती मुर्मू की संवेदनशीलता, शिक्षकों और डॉक्टरों के साथ आपका आत्मीय संवाद, तथा विद्यार्थियों को दिया गया आशीर्वाद यह दर्शाता है कि स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रति कितनी प्रतिबद्ध और चिंतनशील हैं। आपके सान्निध्य ने वहाँ उपस्थित हर छात्र-छात्रा के हृदय में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का भाव और प्रगाढ़ कर दिया।
डॉ अंसारी ने कहा कि झारखंड, स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते मैं हृदय से आपका आभार व्यक्त करता हूँ। आपका यह ऐतिहासिक दौरा निश्चित रूप से झारखंड के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था स्थापित करने और आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट डॉक्टर बनने की प्रेरणा देने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। समस्त झारखंडवासी आपकी इस गरिमामयी उपस्थिति के लिए सदैव कृतज्ञ रहेंगे। वहीं डॉ अंसारी ने कहा उनका व्यक्तित्व सचमुच अद्भुत है—उच्च पद पर आसीन होने के बावजूद उनकी सरलता, विनम्रता, कोमल वाणी और आत्मीय व्यवहार हृदय को स्पर्श कर लेने वाला है। उनमें न केवल एक महान संवैधानिक प्रमुख की गरिमा है, बल्कि एक स्नेहमयी मातृसुलभ संवेदना भी झलकती है। उनके विचारों में समरसता, प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना स्पष्ट दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि उनसे मिलकर एक पल के लिए भी ऐसा अनुभव नहीं हुआ कि मैं देश की प्रथम नागरिक से संवाद कर रहा हूँ; ऐसा लगा मानो परिवार की किसी वरिष्ठ, स्नेही और मार्गदर्शक सदस्य से भेंट हो रही हो। मैंने उन्हें झारखंड के स्वास्थ्य परिप्रेक्ष्य, राज्य में चल रही योजनाओं और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बड़े ध्यान और संवेदनशीलता के साथ सब कुछ सुना तथा सकारात्मक मार्गदर्शन भी दिया। विशेष रूप से, उन्होंने मुझे पवित्र रमजान के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, जो उनकी सर्वधर्म समभाव और उदार मानवीय दृष्टि का परिचायक है। उनसे हुई यह आत्मीय भेंट मेरे लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।







