
गोपालगंज: गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित एनएच-27 पर बेलबनवां गांव के पास हनुमान मंदिर के सामने बने सड़क कट को बंद करने की कार्रवाई शनिवार को शुरू होते ही स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। यह कट वर्षों से आसपास के गांवों के लोगों के लिए सड़क पार करने और आवागमन का मुख्य साधन रहा है। जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम कट बंद करने पहुंची, ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष मौके पर जुटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
ग्रामीणों का कहना है कि हनुमान मंदिर से क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु इसी कट के जरिए सड़क पार कर मंदिर में पूजा करने जाते हैं। कट बंद होने से उन्हें कई किलोमीटर दूर जाकर यू-टर्न लेना पड़ेगा, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाएंगे। लोगों ने बताया कि सड़क के दूसरी ओर कई स्कूल, डिग्री कॉलेज और कोचिंग संस्थान भी स्थित हैं, जहां छात्र-छात्राओं का रोज आना-जाना होता है। ऐसे में कट बंद होने से छात्रों और अभिभावकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
विरोध की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की। वहीं एनएचएआई के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए या तो कट को जारी रखा जाए या फिर कोई वैकल्पिक और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।






