Home बिहार नीतीश ने आईजीआईएमएस में 1200 शैय्या के नये अस्पताल निर्माण कार्य को...

नीतीश ने आईजीआईएमएस में 1200 शैय्या के नये अस्पताल निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का दिया निर्देश

130
0
Nitish Kumar directed to expedite the construction of a new 1200-bed hospital at IGIMS.

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), शेखपुरा, पटना में 1200 शैय्या के नये अस्पताल भवन सह आवसीय भवन के निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया है। नीतीश कुमार ने शनिवार को आईजीआईएमएस), शेखपुरा, पटना में 1200 शैय्या के नये अस्पताल भवन सह आवसीय भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री कुमार को बताया कि इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द पूर्ण हो जायेगा। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि इसका निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य पूर्ण होने से मरीजों को इलाज में और सहूलियत होगी। साथ ही बिहार की स्वास्थ्य सेवायें बेहतर और उन्नत होंगी।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी तब से समाज के सभी वर्ग के लोगों के उत्थान एवं हर क्षेत्र के विकास के लिये काम किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किये गये हैं। उन्होंने बताया कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में इलाज के लिए प्रतिमाह मात्र 39 मरीज ही आते थे यानी प्रतिदिन एक या दो मरीज आते थे। वर्ष 2006 से अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज की पूरी व्यवस्था की गयी है। अब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हर महीने औसतन 11 हजार 600 मरीज आते हैं। बिहार में पहले मात्र 06 मेडिकल कॉलेज थे जिनकी संख्या अब 12 हो गयी है।

GNSU Admission Open 2026

पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 5400 बेड तथा अन्य पांच पुराने मेडिकल कॉलेज को 2500 बेड का किया जा रहा है। साथ ही आईजीआईएमएसको 3000 बेड का बनाया जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था काफी सुदृढ़ हुयी है जिससे बिहार के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध हो रही हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ.चन्द्रशेखर सिंह, स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव हिमांशु शर्मा, बिहार मेडिकल सर्विसेज एण्ड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार पाण्डेय, आईजीआईएमएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) बिन्दे कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

GNSU Admission Open 2026