Home राष्ट्रीय योगी आदित्यनाथ अयोध्या और बस्ती में 937 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे...

योगी आदित्यनाथ अयोध्या और बस्ती में 937 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

16
0
Yogi Adityanath will inaugurate and lay the foundation stone for projects worth Rs 937 crore in Ayodhya and Basti.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या और बस्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों जिलों में कुल 937.04 करोड़ रुपये की 294 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री दोनों स्थानों पर जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र और सहायता सामग्री वितरित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:50 बजे अयोध्या जिले के सोहावल पहुंचेंगे। यहां वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित सिंह चौहान के पिता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद 432.70 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।


इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे अयोध्या से बस्ती के लिए रवाना होंगे और करीब 12:30 बजे हरैया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचेंगे। यहां वह 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, हरैया का भूमि पूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

GNSU Admission Open 2026


बस्ती में मुख्यमंत्री कप्तानगंज और हरैया विधानसभा क्षेत्रों के लिए 504.34 करोड़ रुपये की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति-पत्र तथा सहायता सामग्री वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री यहां भी जनसभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। बस्ती का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद गोरखपुर रवाना होंगे, जहां वह अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।