
सासाराम। सदर अस्पताल सासाराम का गुरुवार की रात सिविल सर्जन डॉक्टर मणिराज रंजन ने औचक निरीक्षण किया। दरअसल सीएस की सख्ती एवं वरीय अधिकारियों के निरीक्षण में सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हुआ है, जिसका प्रमाण गुरुवार को भी देखने को मिला।
सभी विभागों में दिखा सुधार
निरीक्षण के संदर्भ में जानकारी देते हुए अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर आसित रंजन ने कहा कि सीएस के निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सभी विभागों में स्वास्थ्य कर्मियों एवं डॉक्टर की मौजूदगी देखी गई। सभी विभागों में बेहतर कार्य हो रहे हैं और साफ सफाई का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसके अलावा मरीजों से भी फीडबैक लिए गए, ताकि किसी भी कमी को दूर किया जा सके।
मरीज को हर सुविधा का मिलेगा लाभ
डॉ आसित रंजन ने बताया कि सदर अस्पताल के बर्न वार्ड, प्रसूति विभाग, मातृ शिशु अस्पताल, ब्लड बैंक, ट्रॉमा सेंटर, ओपीडी, सर्जरी वार्ड सहित सभी जगहों का निरीक्षण किया गया, जहां से कुछ कमियां भी पाई गई हैं। सभी समस्याओं को जल्द हीं दूर कर लिया जाएगा, जिससे सदर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का मरीजों को भरपूर लाभ दिया जा सके और वे संतुष्ट व स्वस्थ होकर अपने घर जाएं।






