वैशाली: वैशाली जिले के वैशाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना वैशाली प्रखंड कार्यालय के पास हुई, जहां सड़क किनारे खड़ी बाइक में एक अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को पहले वैशाली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान वैशाली थाना क्षेत्र के वैशाली निवासी मोती महतो के 20 वर्षीय पुत्र मंतोष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंतोष कुमार बाइक से वैशाली से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान वैशाली प्रखंड कार्यालय के पास उन्होंने अपनी बाइक खड़ी कर कुछ काम करना शुरू किया। तभी एक अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टर ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि मंतोष कुमार वैशाली में दुकान चलाते थे और घर लौट रहे थे। ब्लॉक गेट के पास किसी ने उन्हें टक्कर मार दी और हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। मंतोष कुमार अपने परिवार में तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में मातम का माहौल है। सदर अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी नगर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूरी जानकारी ली। इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर गांव चले गए।







