Home बिहार बच्चों के कफ सिरप में जहरीला तत्व मिला, कंपनी पर प्रतिबंध

बच्चों के कफ सिरप में जहरीला तत्व मिला, कंपनी पर प्रतिबंध

110
0
Toxic substance found in children's cough syrup, company banned

वैशाली: वैशाली जिले के हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित दवा निर्माता कंपनी ट्रिडस रेमेडीज पर गंभीर आरोप सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में इस कंपनी द्वारा निर्मित बच्चों के कफ सिरप पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद अब हाजीपुर स्थित फैक्टरी के गेट पर ताला लटका मिला है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कंपनी कई दिनों से बंद है और वहां किसी तरह की गतिविधि नहीं दिख रही। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार केंद्रीय ड्रग इंस्पेक्टर ने अक्टूबर महीने में ट्रिडस रेमेडीज में बने सिरप का सैंपल लिया था। हाल ही में आई जांच रिपोर्ट में अल्मोंट-किड सिरप में जहरीले रसायन एथिलीन ग्लाइकोल की मौजूदगी पाई गई है। रिपोर्ट सामने आते ही केंद्रीय औषधि नियंत्रक ने इस दवा की बिक्री, वितरण और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी। यह सिरप बच्चों में एलर्जी, नाक बहना, छींक, खुजली, सूजन और आंखों से पानी आने जैसी समस्याओं में दिया जाता था, इसलिए मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

GNSU Admission Open 2026

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एथिलीन ग्लाइकोल अत्यंत विषैला रसायन है, जो बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इससे पहले तमिलनाडु में बने एक सिरप में इसी रसायन की मिलावट के कारण मध्य प्रदेश में कई बच्चों की मौत का मामला सामने आ चुका है। ट्रिडस रेमेडीज के जिस बैच एएल-24002 की जांच हुई, उसमें एथिलीन ग्लाइकोल की मात्रा 1.4876 प्रतिशत पाई गई, जिसे तय मानकों से कई गुना अधिक और बेहद खतरनाक माना गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस दवा की आपूर्ति बिहार में मुख्य रूप से किशनगंज जिले में सीमित मात्रा में की गई थी। केंद्रीय औषधि नियंत्रण विभाग के निर्देश पर सभी राज्यों को इस सिरप के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। कंपनी अब संबंधित बैच की दवाओं को बाजार से वापस मंगाने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच तेज कर दी गई है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

GNSU Admission Open 2026