रोहतास: जिले के अकोढ़ी गोला थाना क्षेत्र के जयनगर गांव में नाली भरने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में पीड़ित परिवार की 14 वर्षीय नाबालिग बेटी नेहा कुमारी ने थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, घटना की शुरुआत घर के सामने स्थित नाली को भरने को लेकर हुई। आरोप है कि गांव के अनिल कुमार सिंह और सुनील कुमार सिंह उर्फ अमित सिंह नाली भर रहे थे। इस पर नेहा के चाचा दुधनाथ सिंह ने आपत्ति जताई और नाली भरने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर आ गए।
लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमले का आरोप
नेहा कुमारी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान 11 लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर उनके परिवार पर टूट पड़े। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिसमें परिवार के छह सदस्य घायल हो गए। इनमें दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पीड़िता ने मारपीट के साथ छेड़छाड़ और लूटपाट किए जाने का आरोप भी लगाया है। उसके अनुसार, पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने कथित मारपीट का वीडियो भी अपने आवेदन के साथ संलग्न किया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अकोढ़ी गोला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना अध्यक्ष राकेश गोसाई ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गांव में नाली जैसे मामूली विवाद को लेकर हुई इस हिंसक घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।







