Home बिहार प्रेम विवाह की कीमत चुकाई गोली से, नाराज परिजनों ने युवक पर...

प्रेम विवाह की कीमत चुकाई गोली से, नाराज परिजनों ने युवक पर दिनदहाड़े किया हमला

179
0
A man paid the price for a love marriage with a bullet; angry family members attacked him in broad daylight.

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झंझरी गांव के समीप रविवार की शाम लव मैरिज से नाराज परिजनों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान बाड़ा वार्ड संख्या छह निवासी किशोर कुमार सिंह के पुत्र शांतनु कुमार (24) के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल शांतनु को तत्काल ग्वालपाड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मधेपुरा स्थित जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।

घायल युवक शांतनु कुमार ने बताया कि उसने करीब छह माह पूर्व सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बलभद्रपुर गांव निवासी महानंद मेहता की पुत्री साक्षी प्रिया (23) से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था और जून 2025 में उन्होंने कानूनी रूप से विवाह किया था। हालांकि यह शादी साक्षी के परिजनों को स्वीकार नहीं थी और शादी के बाद से ही लड़की के मामा द्वारा इसका विरोध किया जा रहा था। शांतनु के अनुसार, शादी के कुछ दिनों तक उसकी पत्नी खाड़ा में उसके साथ रही, लेकिन बाद में वह अपने मायके चली गई। साक्षी प्रिया वर्तमान में बीपीएससी से चयनित शिक्षिका हैं, जबकि शांतनु किशनगंज में बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। पीड़ित के अनुसार, 21 दिसंबर की सुबह लड़की के मायके पक्ष से उसके पिता को फोन कर पूरे परिवार के साथ ग्वालपाड़ा आने के लिए कहा गया, ताकि आपसी बातचीत से मामला सुलझाया जा सके।

GNSU Admission Open 2026

इसके बाद शांतनु के पिता किशोर कुमार सिंह ने पहले एक कार से कुछ रिश्तेदारों को ग्वालपाड़ा भेजा, जबकि स्वयं अपने बेटे के साथ बाइक से रवाना हुए। इसी दौरान घर से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर झंझरी गांव के पास एक पुल के समीप पहले से बाइक पर खड़े दो युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। जैसे ही शांतनु और उसके पिता रुके, आरोपियों ने अचानक गोली चला दी। गोली शांतनु के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल के पिता ने इस हमले के लिए लड़की के मामा राजीव रंजन और नीतीश कुमार को नामजद आरोपी बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



GNSU Admission Open 2026