रोहतास: रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेल महोत्सव META Morphosis 3.0 का रविवार को भव्य समापन हो गया। महोत्सव का अंतिम दिन उत्सव, उपलब्धियों और सम्मान के नाम रहा, जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। मोनोलॉग प्रतियोगिता में NMCH की छात्रा चैतन्य कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ड्रामा प्रतियोगिता में “द्रौपदी” नाटक को प्रथम पुरस्कार मिला, जिसे NMCH जमुहार के छात्रों ने प्रस्तुत किया।
वहीं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अंधविश्वास का चक्र” प्रस्तुति को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिता में अभिनव ने दर्शकों का दिल जीता। इंडोर गायन प्रतियोगिता में ध्रुव मणिराज और शिवशंकर विजेता रहे। ऑनलाइन गेम प्रतियोगिता में अभिनव सिंह और सत्यम कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि फ्री-फायर गेमिंग में कटिहार मेडिकल कॉलेज की टीम ने बाज़ी मारी।हिंदी कविता प्रतियोगिता में लक्ष्मी चंद्रा बोस मेडिकल कॉलेज को प्रथम पुरस्कार मिला। स्पेल-बी प्रतियोगिता में NMCH की स्वेच्छा विजेता रहीं, वहीं क्विज प्रतियोगिता में कटिहार मेडिकल कॉलेज की टीम प्रथम स्थान पर रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत सोलो डांस में NMCH की दीपाली और यशराज को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विश्वविद्यालय की अधिकारी संगीता सिंह, निरुपमा सिंह, मोनिका सिंह, सहित डॉ. अंशुमान, डॉ. विभूति एवं विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेताओं को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद छात्रों ने META Morphosis 3.0 को एक त्योहार जैसा अनुभव बताते हुए इसके अगले संस्करण META Morphosis 4.0 का बेसब्री से इंतजार करने की बात कही। यह महोत्सव न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच देने में सफल रहा, बल्कि आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।







