Home बिहार गलत पहचान में शिक्षिका की हत्या: दो मुख्य साजिशकर्ता ने किया सरेंडर

गलत पहचान में शिक्षिका की हत्या: दो मुख्य साजिशकर्ता ने किया सरेंडर

258
0
Teacher's murder in mistaken identity: Two key conspirators surrender

अररिया: बिहार के अररिया जिले के नरपतगंज में 3 दिसंबर को हुई बीपीएससी शिक्षिका शिवानी वर्मा (25) की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस जघन्य हत्याकांड के दो फरार मुख्य साजिशकर्ता आरोपी राजा और छोटू उर्फ नैय्यर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस की लगातार छापेमारी और दबिश के दबाव में दोनों आरोपियों ने सरेंडर किया। बताया जा रहा है कि 3 दिसंबर की सुबह करीब 9:20 बजे नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत कन्हैली मध्य विद्यालय में पदस्थापित शिक्षिका शिवानी वर्मा, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ की निवासी थीं, स्कूल जाने के दौरान कन्हैली शिव मंदिर के पास दो बाइक सवार अपराधियों द्वारा गोली मार दी गई थी।

गंभीर रूप से घायल शिवानी को सदर अस्पताल, अररिया ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में नरपतगंज थाना में कांड संख्या 437/25 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शूटर मोहम्मद मारूफ और मोहम्मद सोहैल को गिरफ्तार किया। मारूफ की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त यामाहा एफजेड बाइक और एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया। जांच के क्रम में मुख्य साजिशकर्ता हुसनन उर्फ हुस्न आरा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हुस्न आरा को अपने पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने का शक था।

GNSU Admission Open 2026

इसी संदेह में उन्होंने अपने बहन के पुत्र राजा और छोटू उर्फ नैय्यर के साथ मिलकर तीन लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, यह हत्या गलत पहचान का शिकार हो गई, क्योंकि असली टारगेट उस दिन छुट्टी पर थी। शिवानी की स्कूटी और रूट समान होने के कारण शूटरों ने गलती से उन्हें ही निशाना बना लिया। मुख्य शूटरों और साजिशकर्ता हुस्न आरा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस राजा और छोटू की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। अंततः पुलिस की प्रभावी कार्रवाई के दबाव में दोनों आरोपियों ने 18 दिसंबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अररिया एसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसे पुलिस की सुदृढ़ जांच और सतत दबिश का परिणाम बताया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और जल्द ही इस हत्याकांड में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। गौरतलब है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी, लेकिन अब सभी मुख्य आरोपी या तो गिरफ्तार हो चुके हैं या न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

GNSU Admission Open 2026