
कैमूर: कैमूर जिले के रामगढ़-मोहनिया पथ स्थित भिरखीरा मोड़ के पास शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक की पहचान बक्सर जिले के चौसा थाना क्षेत्र के सरेजा गांव निवासी स्वर्गीय प्रद्युम्न जायसवाल के पुत्र शशिकांत जायसवाल के रूप में हुई है।
जबकि घायलों में चैनपुर थाना क्षेत्र के भखारी देवी गांव निवासी खुशबू जायसवाल और दीवान जायसवाल शामिल हैं। सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन-फानन में रामगढ़ रेफरल अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों गंभीर घायलों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे।
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हुआ। एक की मौत हो चुकी है और दो गंभीर रूप से घायल हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि तीनों किसी काम से घर से निकले थे, तभी यह दर्दनाक घटना हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।






