सासाराम: शहर के सागर अष्टखंभवा) स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण गौशाला समिति की अध्यक्ष सह सासाराम एसडीएम प्रिया रानी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर हवन में आहुति दी। पूजा के बाद एसडीएम प्रिया रानी ने गौशाला में मौजूद गायों को अपने हाथों से प्रसाद स्वरूप गुड़ खिलाया और गौ सेवा का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं की देखभाल, खान-पान और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। एसडीएम ने गौशाला के रखरखाव और आय-व्यय से जुड़े रजिस्टरों को पारदर्शी तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया। साथ ही गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए गोबर से बायोगैस और जैविक खाद तैयार कर आय के नए स्रोत विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि गौशाला को सिर्फ दान और चंदे पर निर्भर रखने के बजाय आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करना जरूरी है। कार्यक्रम में गौशाला समिति के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।







