
गयाजी: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गयाजी एयरपोर्ट पहुंचीं और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से विष्णुपद मंदिर के लिए रवाना हुईं। कुछ ही देर में वह मंदिर परिसर में अपने पितरों का पिंडदान और श्राद्धकर्म करेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सुरक्षा का सख्त पहरा लगाया गया है। उनका काफिला एयरपोर्ट से पांच नंबर गेट, घुघरीटांड बाइपास और बंगाली आश्रम होते हुए सीधे विष्णुपद मंदिर पहुंचेगा। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। मालूम हो कि मोक्षधाम गयाजी नगरी में 6 सितंबर से पितृपक्ष मेला चल रहा है, जो 21 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान अब तक देश-दुनिया से 27 लाख से अधिक तीर्थयात्री पिंडदान करने पहुंचे हैं।






