किशनगंज: किशनगंज के बिशनपुर हाट में गुरुवार शाम अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बाइक की डिक्की का ताला तोड़कर बदमाशों ने 2 लाख रुपये नकद चुरा लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, निसंदरा निवासी मो. मोजीबुर रहमान ने बिशनपुर हाट स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से 2 लाख रुपये निकाले थे। रुपये निकालने के बाद उन्होंने अपनी बाइक की डिक्की में नकदी रखी और दवाई खरीदने के लिए राहुल मेडिकल नामक दुकान पर रुके। इसी दौरान चोरों ने महज दो मिनट के भीतर डिक्की का ताला तोड़कर पूरी रकम उड़ा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही मोजीबुर रहमान ने बिशनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो बाइकों पर सवार तीन अज्ञात बदमाश मुंह ढके नजर आए। थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम चोरी की वारदात की जांच कर रही है।







