मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना के तत्कालीन प्रभारी देवव्रत कुमार की विदाई एक अनोखे अंदाज में हुई, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। ग्रामीणों ने न सिर्फ पुलिस वाहन को फूलों से सजाया बल्कि बैंड-बाजे के साथ थानेदार को विदा किया। इस भावुक पल को देखकर न सिर्फ ग्रामीण बल्कि खुद थानेदार भी भावुक हो गए।
विदाई समारोह में सैकड़ों ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि शामिल हुए। परंपराओं को तोड़ते हुए पितृ पक्ष के दौरान इस आयोजन ने सभी को चौंका दिया। लोगों ने कहा कि थानेदार हो तो ऐसा, जो हमेशा आम जनता से जुड़ा रहा। अपने संबोधन में देवव्रत कुमार ने कहा कि आम आदमी से जुड़ाव ही पुलिसिंग को सफल बनाता है।
उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल में वे हमेशा विवादों को सुनने और समझाने के जरिए हल करने की कोशिश करते रहे। कई मामलों में दोनों पक्षों को सामने बिठाकर समझौता कराया गया, जिससे केस दर्ज करने की जरूरत नहीं पड़ी। विदाई के दौरान देवव्रत कुमार ने ग्रामीणों का आभार जताया और अपील की कि पुलिस से दूरी न बनाएं। उन्होंने कहा, “पुलिस कोई गैर नहीं, आपका मित्र है। समस्या खुलकर रखेंगे तो उसका समाधान जरूर होगा।”







