A father left his seven-year-old son alone on Mount Fuji, but the child was found eight hours later.

टोक्यो: जापान के माउंट फ़ूजी पर पर्वतारोहण के दौरान एक पिता अपने सात साल के बेटे को अकेला छोड़कर बड़े बेटे के साथ आगे चढ़ता रहा। बच्चे को 2,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर धुंध और बारिश के बीच अकेला बैठे पाए जाने के बाद पुलिस ने पिता को कड़ी फटकार लगाई।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 48 वर्षीय पिता अपने दोनों बेटों के साथ फ़ूजी पर चढ़ाई कर रहे थे। जब छोटे बेटे ने थकान की शिकायत की तो पिता ने उसे वहीं इंतजार करने को कहा और बड़े बेटे के साथ आगे बढ़ गया। बच्चे के पास केवल एक सॉफ्ट ड्रिंक और कुछ स्नैक्स थे।

GNSU Admission Open 2026

पहाड़ पर स्थित एक हट के कर्मचारियों को बच्चा चोटी की ओर जाने वाले मार्ग के छठे स्टेशन के पास अकेला मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बच्चा गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे मिला था। बताया गया कि पिता उस समय सातवें और आठवें स्टेशन के बीच चढ़ाई कर रहा था।

अधिकारियों के मुताबिक, पिता के लौटने तक बच्चे ने करीब आठ घंटे इंतजार किया। इतने लंबे समय तक अकेले रहने के कारण बच्चा थका हुआ और चिड़चिड़ा हो गया था। जब पिता वापस लौटा तो अधिकारियों ने उसके फैसले को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।

एक अधिकारी ने पिता से कहा कि यदि बच्चे के साथ चढ़ाई जारी रखना संभव नहीं था तो परिवार को साथ मिलकर पर्वतारोहण छोड़ देना चाहिए था, लेकिन बच्चे को पहाड़ पर अकेला छोड़ना उचित नहीं था। पिता ने अपने फैसले को जल्दबाजी भरा बताते हुए माफी मांगी।

परिवार फ़ुजिनोमिया रूट से माउंट फ़ूजी पर चढ़ाई कर रहा था। यह मार्ग पांचवें स्टेशन से शुरू होता है। गाइडों के अनुसार वहां से चोटी तक पहुंचने में करीब पांच घंटे और नीचे लौटने में लगभग तीन घंटे लग सकते हैं।

3,776 मीटर ऊंचा माउंट फ़ूजी जापान का सबसे ऊंचा पर्वत है और यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्वतारोही पहुंचते हैं। पर्वतारोहण से जुड़ी घटनाओं के कारण सुरक्षा को लेकर भी लगातार सावधानी बरती जाती है।