Home बिहार मुजफ्फरपुर में महावीरी झंडा जुलूस पर पथराव, 29 नामजद व 200 अज्ञात...

मुजफ्फरपुर में महावीरी झंडा जुलूस पर पथराव, 29 नामजद व 200 अज्ञात पर FIR; 5 गिरफ्तार

479
0
Stone pelting on Mahaveeri flag procession in Muzaffarpur, FIR lodged against 29 named and 200 unidentified persons; 5 arrested

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम महावीरी झंडा जुलूस के दौरान पथराव की घटना के बाद पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। गुरुवार को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया, और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। घटना के संबंध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखिया पति इसरार हुसैन समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 29 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रामीण एसपी सहित जिले के कई अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बुधवार शाम मीनापुर, बांस घाट, शीतलसेमरा, धर्मपुर और इसहाक से निकला महावीरी झंडा जुलूस, मीनापुर शीतल सिमरा त्रिमुहानी के पास पहुंचा था।

करीब 500 लोग शांति पूर्ण तरीके से लाठी खेल का प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं मौके पर अंचल अधिकारी और मजिस्ट्रेट भी तैनात थे। इसी दौरान मीनापुर पश्चिमी दिशा से आए करीब 150 असामाजिक तत्वों ने, जिनमें मुखिया पति इसरार हुसैन भी शामिल थे, अचानक जुलूस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस जब हस्तक्षेप करने पहुंची, तो SHO राधे श्याम के सिर पर गंभीर चोट लगी, वहीं एएसआई मुन्ना कुमार यादव समेत कई जवान घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय निवासी अरविंद कुमार, जो पत्थरबाजी में घायल हुए हैं, ने बताया कि पिछले साल भी ऐसी घटना हुई थी, बावजूद इसके प्रशासन की तैयारी इस बार भी अधूरी रही। उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले से ही पत्थर जमा कर रखे थे, और जुलूस के पहुंचते ही मस्जिद के पास से अचानक पथराव शुरू कर दिया गया।

GNSU Admission Open 2026

वहीं बालेश्वर पांडे ने बताया कि यहां 1952 से महावीरी झंडा जुलूस निकलता आ रहा है, लेकिन इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, “अगर पुलिस सतर्क होती तो ऐसी घटना नहीं होती।” एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मामले में 29 नामजद और 200 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, और अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और शांति समिति की बैठक भी बुलाई गई है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की लगातार गश्त जारी है और अधिकारियों द्वारा हालात की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।





GNSU Admission Open 2026