One-year-old child suffers burns from hot water on Vande Bharat Express; family accuses service attendant of negligence

गयाजी : देवघर से गयाजी लौट रहे एक परिवार के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर उस समय दर्दनाक हो गया, जब गर्म पानी से भरा डिस्पोजेबल गिलास फटने से एक साल का बच्चा झुलस गया। परिवार का आरोप है कि ट्रेन में सर्विस अटेंडेंट ने उन्हें फूटा हुआ डिस्पोजेबल गिलास दिया था। गिलास में गर्म पानी डालते ही वह फट गया और खौलता पानी गोद में बैठे बच्चे के पैर पर गिर गया।

घटना गुरुवार को ट्रेन संख्या 22499 वंदे भारत एक्सप्रेस में हुई। मध्यप्रदेश के देवास निवासी विनायक राव जाधव अपने परिवार के साथ देवघर से गयाजी लौट रहे थे। यात्रा के दौरान ट्रेन में जलपान के साथ गर्म पानी दिया जा रहा था। परिवार के मुताबिक, पानी डालते ही गिलास फट गया और गर्म पानी बच्चे के पैर पर गिर गया। बच्चा दर्द से रोने लगा, जिसके बाद परिवार ने तत्काल ट्रेन कर्मचारियों से मदद मांगी।

GNSU Admission Open 2026

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने सर्विस अटेंडेंट से आई-कार्ड दिखाने को कहा, लेकिन उसने पहचान पत्र नहीं दिखाया। इसके बाद मैनेजर अंकित कुमार को मौके पर बुलाया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

हादसे के बाद परिवार ने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए घटना की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि यात्रियों को गर्म पानी डिस्पोजेबल गिलास में किस तरह सुरक्षित तरीके से दिया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार, नवादा में बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन राहत नहीं मिली। गया स्टेशन पर उन्होंने रेलवे अधिकारियों से डॉक्टर उपलब्ध कराने की मांग की। उप स्टेशन प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने बच्चे के इलाज के लिए आवश्यक कार्रवाई की बात कही और रेलवे अस्पताल जाने के लिए पर्ची उपलब्ध कराई।

परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।