Home बिहार “एनकाउंटर के बाद लूटा हुआ सोना बरामद, तीन बदमाश फरार”

“एनकाउंटर के बाद लूटा हुआ सोना बरामद, तीन बदमाश फरार”

20
0
Looted gold recovered after encounter; three miscreants at large.

गया: गया जिले के गुरुआ बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई 45 लाख रुपये की लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आमस थाना क्षेत्र में देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सोना भी बरामद किया गया है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गुरुआ बाजार में ज्वेलरी दुकान से नकदी और सोने की बड़ी लूट के बाद पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल अपराधी किसी नई घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर आमस थाना क्षेत्र के बनाही बालू घाट के पास घेराबंदी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घेराबंदी के बाद अपराधियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर ही गोलियां चला दीं और भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों में लूटकांड का मुख्य आरोपी सुजीत चौधरी और उसका एक साथी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, सुजीत चौधरी के पैर में तीन गोलियां लगी हैं, जबकि उसके साथी के पैर में एक गोली लगी। दोनों घायलों को तत्काल अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस सुरक्षा के बीच उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गुरुआ ज्वेलरी लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

GNSU Admission Open 2026

पुलिस का कहना है कि दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और कई मामलों में वांछित थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया है। हालांकि, बरामद आभूषणों की मात्रा और कीमत का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई मामले की जांच में बड़ी सफलता है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, लूटकांड में कुल पांच अपराधी शामिल थे। मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गया पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि जिले में लूट, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।