कुदरा में पेट्रोल पंप संचालक के घर से लाइसेंसी पिस्टल चोरी
Licensed pistol stolen from the home of a petrol pump operator in Kudra

कुदरा (कैमूर): कुदरा थाना क्षेत्र में एनएच-19 के किनारे सकरी पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक मकान में तीन नकाबपोश चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल, मैगजीन और गोलियां चोरी कर लीं। वारदात के दौरान बदमाशों ने करीब डेढ़ घंटे तक घर के अलग-अलग कमरों को खंगाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया है।

चोरी की यह घटना करमा स्थित पेट्रोल पंप के संचालक कमल कुमार सिंह उर्फ विनय सिंह के मकान में हुई। मकान मालिक के अनुसार, वह एक-दो दिन के अंतराल पर इस घर में आते रहते हैं। घटना से पहले वह शाम करीब तीन बजे मकान बंद कर बाहर चले गए थे। सुबह दुकान मालिक के पिता घर के बाहर की लाइट बंद करने पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद दुकान मालिक के बेटे ने फोन कर मकान मालिक को चोरी की जानकारी दी।

GNSU Admission Open 2026

सीसीटीवी में दिखे तीन नकाबपोश बदमाश

मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि रात करीब 2:05 बजे तीन नकाबपोश बदमाश पीछे के रास्ते से परिसर में दाखिल हुए। उनकी उम्र करीब 18 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पहचान छिपाने के लिए तीनों ने चेहरे ढक रखे थे। फुटेज के अनुसार, बदमाशों ने पहले नीचे की ओर से एसी हटाकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद ऊपर किचन और उत्तर दिशा के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरों में घुस गए।

चोरों ने अलमारियां तोड़कर सामान और चेकबुक सहित अन्य चीजें बिखेर दीं। करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी लेने के बाद तीनों सुबह 3:35 बजे वहां से फरार हो गए। हालांकि, घर में रखी राइफल और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर सुरक्षित बच गया।

पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस ने जांच पूरी होने तक घर के सामान को नहीं छूने की हिदायत दी है। इस कारण चोरी में हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।