लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग पर ढुलुवाखुंटा के पास हुआ, जहां शराब लदे मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, रोन्हैया कोलसिमरी गांव निवासी विषुण भगताईन अपने पुत्र किशोर भगत और भतीजा निरंजन उरांव के साथ स्कूटी से मांडर अस्पताल जा रही थीं। उनके पति वहां भर्ती थे और उन्हें देखने के लिए वे घर से निकली थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही मालवाहक गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशोर भगत और निरंजन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विषुण भगताईन ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मालवाहक वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। इसी बीच वाहन में शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही कुछ लोग मौके पर पहुंचकर लूटपाट की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया। हादसे में मालवाहक वाहन में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।







