बिहार में बनेगा पहला ‘ट्री टॉप वॉक-वे’, ऊंचाई से वन्यजीवों को देखने का मिलेगा रोमांच

पटना। बिहार के पर्यटन और वन्यजीव अनुभव को नया आयाम देने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। राजधानी स्थित संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में राज्य का पहला ‘ट्री टॉप वॉक-वे’ बनाने की योजना तैयार कर ली गई है। इस अनूठे प्रोजेक्ट के जरिए पर्यटकों को पेड़ों की ऊंचाई से जंगल और जानवरों को देखने का खास अनुभव मिलेगा। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने बताया कि परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सेंट्रल जू ऑथोरिटी (सीजेडए) को भेज दी गई है। विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्तावित वॉक-वे को लकड़ी से तैयार किया जाएगा और इसे जमीन से करीब 15 फीट की ऊंचाई पर बनाया जाएगा। करीब 16 फीट चौड़े इस मार्ग पर चलते हुए पर्यटक पेड़ों की शाखाओं के बीच से जू की प्राकृतिक सुंदरता को एक अलग नजरिए से देख सकेंगे। परियोजना के पहले चरण में इसकी लंबाई लगभग 100 मीटर रखी गई है, जो दो बड़े ‘सीलोन ओक’ पेड़ों को आपस में जोड़ेगा। इस वॉक-वे के रास्ते में कई अन्य पेड़ भी शामिल होंगे, जिससे प्रकृति के बीच चलने का अनुभव और भी रोमांचक हो जाएगा। पूरे प्रोजेक्ट पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह पहल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आधुनिक और इको-फ्रेंडली प्रोजेक्ट से बिहार में इको-टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी और बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे।

GNSU Admission Open 2026