Home झारखण्ड जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी का बड़ा एक्शन, झारखंड के छह...

जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी का बड़ा एक्शन, झारखंड के छह जिलों में 15 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी

39
0
CID conducts major action in JPSC exam irregularities case, raids over 15 locations in six Jharkhand districts

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच तेज करते हुए सीआईडी और रांची पुलिस ने रविवार को राज्यभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर, गोड्डा, रामगढ़ समेत छह जिलों में 15 से अधिक ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार, छापेमारी उन लोगों और स्थानों पर की गई जिनके नाम जांच के दौरान सामने आए हैं या जिनकी भूमिका परीक्षा प्रक्रिया में संदिग्ध मानी जा रही है। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संभावित साक्ष्य जब्त कर उनकी जांच की जा रही है।


जानकारी के मुताबिक, सीआईडी की टीम जेपीएससी परीक्षा से जुड़े कथित दलालों, परीक्षा संचालन से संबंधित एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े लोगों और अन्य संदिग्ध ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। जांच एजेंसी पहले ही इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन आरोपितों से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर ही ताजा छापेमारी की गई है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की शिकायतों की जांच के दौरान अभय तिवारी से हुई पूछताछ के बाद कई नए नाम सामने आए, जिसके आधार पर यह व्यापक अभियान शुरू किया गया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, छापेमारी की जद में कुछ कोचिंग संस्थान और उनसे जुड़े लोगों के ठिकाने भी आए हैं।

GNSU Admission Open 2026


रांची के नामकुम, धुर्वा और अन्य इलाकों में देर रात से ही सीआईडी और पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। नामकुम स्थित आदित्य पांडेय के आवास पर भी जांच एजेंसी ने छापा मारा। वहीं, एक कोचिंग संस्थान संचालक शिक्षक रवि के पलामू स्थित आवास पर भी टीम ने तलाशी ली। सीआईडी अधिकारियों ने फिलहाल छापेमारी को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसी इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और परीक्षा में कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हुई है।


जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद से राज्य में लगातार जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। सीआईडी की ताजा कार्रवाई को इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी समन्वित कार्रवाई माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी की ओर से आगे और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना जताई जा रही है।