
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में एक होम्योपैथी चिकित्सक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बंगरा थाना क्षेत्र में 20 वर्षों से प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सक का शव बुधवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर एक गाछी के गड्ढे में मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साइकिल, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त संदिग्ध चाकू बरामद कर जांच शुरू कर दी है। समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक होम्योपैथी चिकित्सक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। चिकित्सक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक गाछी के गड्ढे में मिला। शव के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के दक्ष गांव, वार्ड संख्या-10 निवासी शंभू प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 20 वर्षों से होम्योपैथी चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे और बंगरा मुरादपुर में अपना क्लीनिक चलाते थे। मृतक के भाई ने बताया कि शंभू प्रसाद सिंह मंगलवार को रोज की तरह अपने क्लीनिक गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गाछी के एक गड्ढे में शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शंभू प्रसाद सिंह के रूप में की। उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की साइकिल, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त संदिग्ध चाकू बरामद किया है। बरामद साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक और अन्य तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। परिजनों के अनुसार, शंभू प्रसाद सिंह का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। वह अपने पेशे से जुड़े रहते थे और होम्योपैथी चिकित्सा के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। अचानक हुई इस वारदात से पूरा परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही बंगरा थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, लूट और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। एएसपी संजय कुमार पांडे ने बताया कि चिकित्सक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।






