Home बिहार गांव-गांव लगेगा सहयोग शिविर, 30 दिन में समस्याओं का समाधान

गांव-गांव लगेगा सहयोग शिविर, 30 दिन में समस्याओं का समाधान

20
0
Cooperation camps will be organised in every village, problems will be resolved within 30 days.

हाजीपुर: सोनपुर में सम्राट चौधरी की सरकार आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए राज्य के पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ आयोजित करने जा रही है। मंगलवार को सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोनपुर प्रखंड के डुमरी बुजुर्ग पंचायत भवन पहुंचकर पूरे बिहार में लगाए जाने वाले सहयोग शिविर का शुभारंभ करेंगे। उनके आगमन की तैयारी को लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव सहित जिला मुख्यालय, अनुमंडल और प्रखंड मुख्यालय के सभी पदाधिकारी सोमवार देर शाम डुमरी बुजुर्ग पंचायत पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय पर सभी कार्य पूरे करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर के प्रथम दिन 19 मई को सारण जिले के 40 पंचायतों में शिविर का आयोजन किया गया है। सरकार ने लोगों का जीवन आसान बनाने की दिशा में यह पहल शुरू की है। यह शिविर राज्य के सभी पंचायतों में प्रत्येक महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को लगाए जाएंगे, जिनमें सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोनपुर प्रखंड में 19 मई को डुमरी बुजुर्ग और हासिलपुर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा, जबकि जिले के अन्य प्रखंडों में भी ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। आम जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब प्रखंड मुख्यालय या जिला कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सारण जिला प्रशासन ने लोक शिकायतों के त्वरित निष्पादन और सरकारी योजनाओं की पहुंच गांव के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए यह पहल शुरू की है। जिला प्रशासन अब स्वयं गांवों की चौखट पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेगा। सोनपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में आयोजित होने वाले इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य फाइलों में दबे आवेदनों को गति देना और जनता व प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना है।

GNSU Admission Open 2026

शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आपूर्ति, मनरेगा, पंचायत, सड़क, बिजली, जलापूर्ति सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। ग्रामीण अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन शिविर में जमा कर सकेंगे, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों द्वारा संबंधित मामलों का मौके पर समाधान करने का भी प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सोनपुरवासियों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लोग उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सहयोग शिविर के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव सहित राज्य के सभी विभागीय मंत्री, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।