सासाराम: बिहार में रोहतास जिले के कई गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता बढ़ाने और जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों को लाभ मिल रहा है।गाँवों में सबसे बड़ी परेशानियों में से एक है स्वच्छ जल की कमी। कई परिवारों को आज भी पानी के लिए दूर तक जाना पड़ता है। इसी समस्या को कम करने के लिए डालमिया भारत फाउंडेशन रोहतास जिले के कई गाँवों में स्वच्छ पेयजल और जल संरक्षण से जुड़े काम लगातार कर रहा है।
डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड की सीएसआर इकाई डालमिया भारत फाउंडेशन ने बकनौरा, बंजारी और समहुता ग्राम पंचायतों में हैंडपंप, आरओ वॉटर कूलर और वर्षा जल संरक्षण की सुविधाएँ विकसित की हैं। पिछले तीन वर्षों में सात हैंडपंप लगाए गए हैं, जिससे 600 से ज्यादा परिवारों को स्वच्छ जल मिल रहा है। इनमें से चार हैंडपंप सिर्फ वर्ष 2025-26 में लगाए गए, जिनसे 300 और परिवारों को लाभ मिला। समहुता ग्राम पंचायत की लालती कुंवर ने कहा, “पहले पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। अब घर के पास ही साफ पानी मिल जाता है। इससे सबसे ज्यादा राहत महिलाओं और बच्चों को मिली है।”
डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड, रोहतास सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड आशुतोष कुमार तिवारी ने कहा, “स्वच्छ पेयजल और जल संरक्षण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। हमारा प्रयास है कि आसपास के गाँवों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और आने वाले समय में पानी की कमी की समस्या भी कम हो।”
फाउंडेशन ने स्कूलों, पंचायत भवन, नवाडीह मदरसा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरओ वॉटर कूलर भी लगाए हैं, जिससे 1,000 से ज्यादा बच्चों को शुद्ध पेयजल मिल रहा है। इसके अलावा समहुता में तीन फार्म पॉन्ड बनाए गए हैं, जो बारिश का पानी बचाने और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।







