मुजफ्फरपुर: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक सवार अपराधियों ने एक ई-रिक्शा को रोककर उसमें सवार महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान 26 वर्षीय मदीना खातून के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मदीना अपनी भाभी के साथ मेडिकल ओवरब्रिज से बखरी की ओर लौट रही थीं, तभी रास्ते में अपराधियों ने ई-रिक्शा को रोक लिया। एक हमलावर वाहन में घुसा और पहले धमकी दी, फिर महिला को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। हमले में उनके हाथ, पेट और फेफड़े में गोली लगी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे आपसी विवाद और कथित प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मदीना का एक युवक से लंबे समय से संबंध था, जिसके साथ आर्थिक लेनदेन और शादी को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में महिला ने पहले ही स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया था। परिजनों का आरोप है कि केस वापस लेने के लिए लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







