सासाराम (रोहतास)। जिले के सासाराम में जिला परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बुधवार की देर शाम शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहा पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 5 लाख 56 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के अनुसार, मार्च माह में राजस्व संग्रह को बढ़ाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग लगातार सख्त अभियान चला रहा है। विभाग द्वारा जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित रूप से वाहनों की जांच की जा रही है।
इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बिना कागजात और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। मोटरयान निरीक्षक नंदलाल सिंह ने बताया कि मार्च क्लोजिंग को ध्यान में रखते हुए विभाग को कर वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे हर हाल में पूरा करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में सासाराम में यह विशेष जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि जांच अभियान के दौरान, प्रदूषण फेल बहनों, इंश्योरेंस फेल, बगैर हेलमेट पहने दो पहिया वाहन चलाने वाले के विरूद्ध यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सभी आवश्यक कागजात साथ रखें और सुरक्षित वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अनावश्यक जुर्माने से भी राहत मिल सके।







