Home बिहार 66 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, डीएम और एसपी ने ग्रामीणों से...

66 पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, डीएम और एसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

18
0
Support camps organized across 66 panchayats; DM and SP interacted directly with villagers.

सासाराम। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंगलवार को रोहतास जिले के सभी प्रखंडों की चयनित 66 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। दावथ प्रखंड के जमसोना पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने हिस्सा लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
शिविर के दौरान पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र एवं शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। डीएम ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और करीब लाना है। अब लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि जमसोना पंचायत में शिविर से पूर्व विशेष अभियान चलाकर शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन और भूमि मापी समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए थे।

इन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नए राशन कार्ड बनाने और पुराने राशन कार्ड में संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र एवं वंचित परिवार को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। डीएम ने ग्रामीणों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भी प्रेरित किया। वहीं, एसपी रौशन कुमार ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से अनजान लिंक, ऐप या फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने की अपील की।

GNSU Admission Open 2026

एसपी ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। महिला सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं और बालिकाएं बिना डर के विरोध करें और तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें। मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार जैसे मामलों की जानकारी मिलने पर भी तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष रंजन ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 10,710 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 9,604 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष लंबित आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।