छपरा: बिहार में सारण जिले के भेल्दी और सहाजीतपुर थाना क्षेत्र में तीन लोगों की डूबकर मौत हो गयी।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भेल्दी थाना क्षेत्र के सरायबख्स गांव निवासी सुभाष राय की पुत्री कृति कुमारी(05) अपने गांव के समीप तालाब में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चली गई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में सहाजीतपुर थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव निवासी भीम महतो का पुत्र चंदन कुमार(11) अपने गांव के तालाब में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया। इस दुर्घटना में उसकी मौत हो गई।
तीसरी घटना में गड़खा थाना क्षेत्र के मैकी पश्चिम टोला गांव निवासी फूलबाबू प्रसाद का पुत्र पीयूष कुमार(15) अपने गांव के समीप से गुजर रहे नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चला गया।उसे देखकर वहां मौजूद लोगों ने उसे नदी से बाहर निकाल कर इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया,जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची तीनों थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।तीनों थाना की पुलिस इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।







