Home बिहार ग्राहक से 50 हजार की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

ग्राहक से 50 हजार की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

36
0
ग्राहक से 50 हजार की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कुटुंबा। रिसियप थाना पुलिस ने ठगी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष संजीत राम के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांका जिले के कदरा गांव निवासी विजय पासवान के रूप में हुई है, जो ठगी गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भलुहारा गांव निवासी धीरज कुमार ने थाना मोड़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार रुपये की निकासी की थी। बैंक से बाहर निकलते ही तीन अज्ञात लोगों ने उसे बातचीत में उलझाकर उसके पॉकेट से पूरी राशि उड़ा ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने रिसियप थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के बहादुर बिगहा गांव निवासी सुधीर शर्मा और पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के मिछेदा निवासी देवेंद्र बाग शामिल हैं। इसके बाद तीसरे फरार आरोपी विजय पासवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बांका जिले से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

GNSU Admission Open 2026