Home राष्ट्रीय टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा पर गुंडागर्दी का...

टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप

208
0
टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला, भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हिंसा और गुंडागर्दी के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच टीएमसी सांसद मिताली बाग ने दावा किया है कि अरामबाग में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी कार पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें और उनके चालक को चोटें आई हैं। मिताली बाग ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रचार के दौरान उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में उनकी कार के शीशे तोड़ दिए गए और वाहन को काफी नुकसान पहुंचाया गया। टीएमसी का आरोप है कि इस घटना के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ है। पार्टी के अनुसार, मिताली बाग पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रही थीं, तभी उनके काफिले पर हमला हुआ। घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। टीएमसी ने इस घटना को एक निर्वाचित प्रतिनिधि, विशेषकर अनुसूचित जाति समुदाय से आने वाली महिला सांसद पर कायरतापूर्ण हमला बताया है। वहीं, टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बयान जारी कर भाजपा पर चुनावी हार के डर से हिंसा का सहारा लेने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा राजनीतिक रणनीति के बजाय डराने-धमकाने की नीति अपना रही है। टीएमसी ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों के खिलाफ एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा करें। हालांकि, इस मामले में भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

GNSU Admission Open 2026