समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां का एक युवक कथित तौर पर आतंकी नेटवर्क से जुड़ा पाया गया है, जिसे गुजरात एटीएस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान शिउरा पंचायत निवासी मुर्शीद जहीर अख्तर शेख के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अन्य संदिग्ध संगठनों से जुड़े होने का आरोप है। फिलहाल गुजरात एटीएस की टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मुर्शीद मुंबई में अपने भाइयों के साथ रह रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वह अपने एक भाई के साथ मिलकर बिरयानी की दुकान चलाता था। एजेंसियों का दावा है कि इसी दुकान की आड़ में वह कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क से बिहार समेत अन्य राज्यों के कुछ और लोग भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा बढ़ाया गया है और विभिन्न राज्यों में संभावित लिंक की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन के पास जाली नोट कारोबार से जुड़े एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी। ऐसे में एक बार फिर यह इलाका संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चा में आ गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।







