रायपुर में मजदूरों के दो गुट भिड़े, पुलिस टीम पर भी हमला
Two groups of laborers clash in Raipur; police team also attacked.

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र स्थित रायखेड़ा अडानी फैक्ट्री में मजदूरों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हिंसक झड़प हो गई। घटना के दौरान फैक्ट्री परिसर में तोड़फोड़ की गई और स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। हमले में खरोरा थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत फैक्ट्री परिसर में कथित रूप से शराब की बिक्री को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि कुछ मजदूरों द्वारा परिसर में शराब बेचे जाने का ग्रामीणों की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसी मुद्दे पर पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला दो गुटों के बीच झड़प में बदल गया।

GNSU Admission Open 2026

विवाद बढ़ने के बाद फैक्ट्री परिसर में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान वहां तोड़फोड़ किए जाने की भी जानकारी है। बताया गया है कि रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया। स्थिति बिगड़ने के बाद फैक्ट्री परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने पर खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी समेत कई जवानों को चोटें आईं। पुलिसकर्मियों के घायल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

अतिरिक्त बल की मौजूदगी में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और झड़प तथा तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री परिसर में विवाद की शुरुआत किन परिस्थितियों में हुई और हिंसा में कौन-कौन लोग शामिल थे।

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखना और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करना है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर किए जाने की बात कही गई है।