Home बिहार मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम, विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या

मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम, विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या

224
0
मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास का खौफनाक अंजाम, विरोध करने पर बुजुर्ग की हत्या

मुजफ्फरपुर। जिले के फकुली थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान हबीब मियां के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। परिजनों के अनुसार, पड़ोस के कुछ लोगों ने हबीब मियां की पत्नी पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि पड़ोसी परिवार के एक नवजात की तबीयत खराब थी और वे इसका कारण अंधविश्वास के तहत महिला को मान रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपित लोग हबीब मियां के घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब हबीब मियां ने इस आरोप का विरोध किया, तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फकुली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष विष्णु पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल सभी आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह घटना एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जहां बेबुनियाद आरोपों के कारण एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

GNSU Admission Open 2026