Home बिहार दहेज की मांग और शादी से इनकार से परेशान छात्रा ने की...

दहेज की मांग और शादी से इनकार से परेशान छात्रा ने की आत्महत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार; कोर्ट में चार्जशीट दाखिल

41
0
Student, upset over dowry demands and refusal to marry, commits suicide; father and son arrested; charge sheet filed in court

सासाराम: रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की छात्रा प्रियंका सिंह की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने मामले में न्यायालय के समक्ष आरोप पत्र भी समर्पित कर दिया है। इस संबंध में रोहतास एसपी रौशन कुमार ने रविवार को बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 12 मार्च 2026 को जमुहार स्थित विश्वविद्यालय के हॉस्टल के कमरा नंबर 505 से विधि संकाय की छात्रा प्रियंका सिंह का शव बरामद हुआ था। घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर अंकुर विशाल उर्फ आकाश, उसके पिता अजय कुमार सिंह और माता संगीता देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान प्रियंका और अंकुर के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध होने तथा शादी का वादा किए जाने की बात सामने आई। दहेज की मांग का आरोप पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि शादी को लेकर दहेज की मांग की जा रही थी।

GNSU Admission Open 2026

इसी वजह से प्रियंका मानसिक दबाव में थी। पुलिस को मिले सुसाइड नोट से भी दहेज के कारण मानसिक प्रताड़ना की बात सामने आने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस ने अंकुर विशाल उर्फ आकाश और उसके पिता अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों सासाराम नगर थाना क्षेत्र के पंचशील कॉलोनी के रहने वाले हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मृतका का मोबाइल फोन, सुसाइड नोट तथा आरोपियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मामले में त्वरित अनुसंधान पूरा करते हुए न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित कर दिया गया है। कोर्ट की ओर से डेहरी मुफस्सिल थाना अध्यक्ष को मामले में त्वरित विचारण का आदेश दिया गया है। एसपी ने कहा कि पुलिस दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।