Home बिहार शेरशाह सूरी मकबरे के पीछे 25 साल बाद फिर गूंजा अखाड़ा, कुश्ती...

शेरशाह सूरी मकबरे के पीछे 25 साल बाद फिर गूंजा अखाड़ा, कुश्ती और कबड्डी के मुकाबलों ने बांधा समां

47
0
After 25 years, the arena behind Sher Shah Suri's tomb resonated, with wrestling and kabaddi matches enthralling the audience.

सासाराम: शहर के ऐतिहासिक शेरशाह सूरी मकबरे के पश्चिमी हिस्से में स्थित श्री हनुमान अखाड़ा रविवार को कुश्ती और कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना। करीब 25 वर्षों से विलुप्त होती जा रही मल्ल युद्ध की परंपरा को फिर से जीवंत करने के उद्देश्य से भव्य कुश्ती एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय लोग पहुंचे। आयोजनकर्ता और वर्ष 2008-09 के नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान राजीव कुमार यादव ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सासाराम में मल्ल युद्ध की पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करना और युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ना है। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुए कुश्ती मुकाबलों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा से आए महिला एवं पुरुष पहलवानों के साथ स्थानीय पहलवानों ने भी दमखम दिखाया।

अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश महिला पुलिस टीम और इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की टीम के बीच मुकाबला हुआ, जबकि पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस टीम और बिहार की टीम आमने-सामने रही। कार्यक्रम में सासाराम सांसद मनोज कुमार राम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं विधायक एवं पूर्व मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, सासाराम नगर निगम की मेयर काजल कुमारी, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद, समाजसेवी अनिल सिंह, संतोष सिंह, चांदनी देवी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन से युवाओं में पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और सासाराम की पुरानी अखाड़ा संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार जताया गया।

GNSU Admission Open 2026