सासाराम: सावन के पावन महीने में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सासाराम नगर निगम की ओर से शहर के पूर्वी छोर स्थित प्राचीन श्री बुढ़वा महादेव सोनवागढ़ शिव मंदिर परिसर में श्रावणी मेले का शुभारंभ किया गया। नगर निगम की मेयर काजल कुमारी ने मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान मंदिर परिसर में 7 यूनिट शौचालय का उद्घाटन किया गया, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए हाई मास्क लाइट का शिलान्यास भी किया गया।
मौके पर मेयर काजल कुमारी ने शिव भक्तों को सावन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं।
ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। नगर निगम की इस पहल से मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।







